Tuesday, September 16, 2008

वीर तुम बढ़े चलो

-द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी

वीर तुम बढ़े चलो ! धीर तुम बढ़े चलो !


हाथ में ध्वजा रहे बाल दल सजा रहे

ध्वज कभी झुके नहीं दल कभी स्र्के नहीं

वीर तुम बढ़े चलो ! धीर तुम बढ़े चलो !


सामने पहाड़ हो सिंह की दहाड़ हो

तुम निडर डरो नहीं तुम निडर डटो वहीं

वीर तुम बढ़े चलो ! धीर तुम बढ़े चलो !


प्रात हो कि रात हो संग हो न साथ हो

सूर्य से बढ़े चलो चन्द्र से बढ़े चलो

वीर तुम बढ़े चलो ! धीर तुम बढ़े चलो !


एक ध्वज लिये हुए एक प्रण किये हुए

मातृ भूमि के लिये पितृ भूमि के लिये

वीर तुम बढ़े चलो ! धीर तुम बढ़े चलो !


अन्न भूमि में भरा वारि भूमि में भरा

यत्न कर निकाल लो रत्न भर निकाल लो

वीर तुम बढ़े चलो ! धीर तुम बढ़े चलो !

सतपुड़ा के जंगल /

--भवानीप्रसाद मिश्र

सतपुड़ा के घने जंगल।
नींद मे डूबे हुए से, ऊँघते अनमने जंगल।

झाड ऊँचे और नीचे, चुप खड़े हैं आँख मीचे,
घास चुप है, कास चुप है, मूक शाल, पलाश चुप है।
बन सके तो धँसो इनमें, धँस न पाती हवा जिनमें,
सतपुड़ा के घने जंगल, ऊँघते अनमने जंगल।

सड़े पत्ते, गले पत्ते, हरे पत्ते, जले पत्ते,
वन्य पथ को ढँक रहे-से, पंक-दल मे पले पत्ते।
चलो इन पर चल सको तो, दलो इनको दल सको तो,
ये घिनोने, घने जंगल, नींद मे डूबे हुए से
ऊँघते अनमने जंगल।

अटपटी-उलझी लताऐं, डालियों को खींच खाऐं,
पैर को पकड़ें अचानक, प्राण को कस लें कपाऐं।
सांप सी काली लताऐं, बला की पाली लताऐं
लताओं के बने जंगल, नींद मे डूबे हुए से
ऊँघते अनमने जंगल।

मकड़ियों के जाल मुँह पर, और सर के बाल मुँह पर
मच्छरों के दंश वाले, दाग काले-लाल मुँह पर,
वात- झन्झा वहन करते, चलो इतना सहन करते,
कष्ट से ये सने जंगल, नींद मे डूबे हुए से
ऊँघते अनमने जंगल|

अजगरों से भरे जंगल। अगम, गति से परे जंगल|
सात-सात पहाड़ वाले, बड़े छोटे झाड़ वाले,
शेर वाले बाघ वाले, गरज और दहाड़ वाले,
कम्प से कनकने जंगल, नींद मे डूबे हुए से
ऊँघते अनमने जंगल।

इन वनों के खूब भीतर, चार मुर्गे, चार तीतर
पाल कर निश्चिन्त बैठे, विजनवन के बीच बैठे,
झोंपडी पर फ़ूंस डाले, गोंड तगड़े और काले।
जब कि होली पास आती, सरसराती घास गाती,
और महुए से लपकती, मत्त करती बास आती,
गूंज उठते ढोल इनके, गीत इनके, बोल इनके
सतपुड़ा के घने जंगल, नींद मे डूबे हुए से
उँघते अनमने जंगल।

जागते अँगड़ाइयों में, खोह-खड्डों खाइयों में,
घास पागल, कास पागल, शाल और पलाश पागल,
लता पागल, वात पागल, डाल पागल, पात पागल
मत्त मुर्गे और तीतर, इन वनों के खूब भीतर।
क्षितिज तक फ़ैला हुआ सा, मृत्यु तक मैला हुआ सा,
क्षुब्ध, काली लहर वाला, मथित, उत्थित जहर वाला,
मेरु वाला, शेष वाला, शम्भु और सुरेश वाला
एक सागर जानते हो, उसे कैसा मानते हो?
ठीक वैसे घने जंगल, नींद मे डूबे हुए से
ऊँघते अनमने जंगल|

धँसो इनमें डर नहीं है, मौत का यह घर नहीं है,
उतर कर बहते अनेकों, कल-कथा कहते अनेकों,
नदी, निर्झर और नाले, इन वनों ने गोद पाले।
लाख पंछी सौ हिरन-दल, चाँद के कितने किरन दल,
झूमते बन-फ़ूल, फ़लियाँ, खिल रहीं अज्ञात कलियाँ,
हरित दूर्वा, रक्त किसलय, पूत, पावन, पूर्ण रसमय
सतपुड़ा के घने जंगल, लताओं के बने जंगल।

हिमालय

सोहनलाल द्विवेदी

खड़ा हिमालय बता रहा है, डरो न आँधी पानी में,
खड़े रहो अपने पथ पर, सब कठिनाई तूफानी में!

डिगो न अपने प्रण से तो –– सब कुछ पा सकते हो प्यारे!
तुम भी ऊँचे हो सकते हो, छू सकते नभ के तारे!!

अचल रहा जो अपने पथ पर, लाख मुसीबत आने में,
मिली सफलता जग में उसको, जीने में मर जाने में!

हम पंछी उन्‍मुक्‍त गगन के

शिवमंगल सिंह सुमन

हम पंछी उन्‍मुक्‍त गगन के, पिंजरबद्ध न गा पाऍंगे,

कनक-तीलियों से टकराकर, पुलकित पंख टूट जाऍंगे।


हम बहता जल पीनेवाले, मर जाऍंगे भूखे-प्‍यासे,

कहीं भली है कटुक निबोरी, कनक-कटोरी की मैदा से,


स्‍वर्ण-श्रृंखला के बंधन में, अपनी गति, उड़ान सब भूले,

बस सपनों में देख रहे हैं, तरू की फुनगी पर के झूले।


ऐसे थे अरमान कि उड़ते, नील गगन की सीमा पाने,

लाल किरण-सी चोंचखोल, चुगते तारक-अनार के दाने।


होती सीमाहीन क्षितिज से, इन पंखों की होड़ा-होड़ी,

या तो क्षितिज मिलन बन जाता, या तनती सॉंसों की डोरी।


नीड़ न दो, चाहे टहनी का, आश्रय छिन्‍न-भिन्‍न कर डालो,

लेकिन पंख दिए हैं, तो, आकुल उड़ान में विघ्‍न न डालों।

रसखान

मानुस हौं तो वही रसखान, बसौं ब्रज गोकुल गाँव के ग्वारन।

जो पसु हौं तो कहा बस मेरो, चरौं नित नंद की धेनु मँझारन॥

पाहन हौं तो वही गिरि को, जो धर्यो कर छत्र पुरंदर कारन।

जो खग हौं तो बसेरो करौं मिलि कालिंदीकूल कदम्ब की डारन॥


या लकुटी अरु कामरिया पर, राज तिहूँ पुर को तजि डारौं।

आठहुँ सिद्धि, नवों निधि को सुख, नंद की धेनु चराय बिसारौं॥

रसखान कबौं इन आँखिन सों, ब्रज के बन बाग तड़ाग निहारौं।

कोटिक हू कलधौत के धाम, करील के कुंजन ऊपर वारौं॥


सेस गनेस महेस दिनेस, सुरेसहु जाहि निरंतर गावै।

जाहि अनादि अनंत अखण्ड, अछेद अभेद सुबेद बतावैं॥

नारद से सुक व्यास रटें, पचिहारे तऊ पुनि पार न पावैं।

ताहि अहीर की छोहरियाँ, छछिया भरि छाछ पै नाच नचावैं॥


मोरपखा सिर ऊपर राखिहौं, गुंज की माल गरे पहिरौंगी।

ओढ़ि पितम्बर लै लकुटी, बन गोधन ग्वारन संग फिरौंगी।।

भावतो मोहि मेरो रसखान, सो तेरे कहे सब स्वाँग भरौंगी।

या मुरली मुरलीधर की, अधरान धरी अधरा न धरौंगी।।

जो बीत गई सो बात गयी

हरिवंशराय बच्चन

जीवन में एक सितारा था
माना वह बेहद प्यारा था
वह डूब गया तो डूब गया
अंबर के आंगन को देखो
कितने इसके तारे टूटे
कितने इसके प्यारे छूटे
जो छूट गये फ़िर कहां मिले
पर बोलो टूटे तारों पर
कब अंबर शोक मनाता है
जो बीत गई सो बात गई


जीवन में वह था एक कुसुम
थे उस पर नित्य निछावर तुम
वह सूख गया तो सूख गया
मधुबन की छाती को देखो
सूखी कितनी इसकी कलियां
मुरझाईं कितनी वल्लरियां
जो मुरझाईं फ़िर कहां खिली
पर बोलो सूखे फ़ूलों पर
कब मधुबन शोर मचाता है
जो बीत गई सो बात गई


जीवन में मधु का प्याला था
तुमने तन मन दे डाला था
वह टूट गया तो टूट गया
मदिरालय का आंगन देखो
कितने प्याले हिल जाते हैं
गिर मिट्टी में मिल जाते हैं
जो गिरते हैं कब उठते हैं
पर बोलो टूटे प्यालों पर
कब मदिरालय पछताता है
जो बीत गई सो बात गई


मृदु मिट्टी के बने हुए हैं
मधु घट फ़ूटा ही करते हैं
लघु जीवन ले कर आए हैं
प्याले टूटा ही करते हैं
फ़िर भी मदिरालय के अन्दर
मधु के घट हैं मधु प्याले हैं
जो मादकता के मारे हैं
वे मधु लूटा ही करते हैं
वह कच्चा पीने वाला है
जिसकी ममता घट प्यालों पर
जो सच्चे मधु से जला हुआ
कब रोता है चिल्लाता है
जो बीत गई सो बात गई

पुष्प की अभिलाषा

माखनलाल चतुर्वेदी

चाह नहीं मैं सुरबाला के, गहनों में गूंथा जाऊँ,

चाह नहीं प्रेमी-माला में,बिंध प्यारी को ललचाऊँ,

चाह नहीं, सम्राटों के शव, पर, है हरि, डाला जाऊँ

चाह नहीं, देवों के शिर पर, चढ़ूँ भाग्य पर इठलाऊँ!

मुझे तोड़ लेना वनमाली! उस पथ पर देना तुम फेंक,

मातृभूमि पर शीश चढ़ाने, जिस पथ जावें वीर अनेक।